पिथौरागढ़। जनपद पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की ओर से एसएसबी ऐंचोली में मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों को मानव तस्करी की पहचान, रोकथाम और प्रभावी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक AHTU सतीश शर्मा ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल सुनील कुमार एवं कांस्टेबल रणवीर कम्बोज भी शामिल रहे।
इस दौरान निरीक्षक सतीश शर्मा ने मानव तस्करी से जुड़े अपराधों की पहचान के साथ-साथ पीड़ितों के संरक्षण, बचाव एवं पुनर्वास की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानव तस्करी के मामलों में माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने मानव तस्करी की रोकथाम के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, संवेदनशील दृष्टिकोण और समयबद्ध कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों और उससे जुड़े संभावित संकेतों की जानकारी भी साझा की गई।
एसएसबी अधिकारियों एवं जवानों से अपील की गई कि यदि उन्हें किसी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि या मानव तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जनपद पुलिस के अनुसार मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। कपिल भट्ट वाणी न्यूज


