मानसून से पहले एक्शन मोड में डीएम आशीष कुमार भटगांई, सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
दिल्ली बैंड, मुन्ना बैंड और चूपकोट बैंड का किया औचक निरीक्षण, खतरनाक चट्टानों को तत्काल हटाने व समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

वानी न्यूज़ | पिथौरागढ़ मानसून के दौरान जनपद में सड़क मार्गों को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने शनिवार को दिल्ली बैंड, मुन्ना बैंड एवं चूपकोट बैंड का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खतरनाक चट्टानें और ढीले बोल्डर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संवेदनशील स्थलों का तत्काल चिन्हांकन कर वैज्ञानिक तरीके से खतरनाक चट्टानों और ढीले बोल्डरों को हटाने की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि ऊंचाई पर स्थित ढीले बोल्डरों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर उनका विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाए, ताकि उनकी नियमित निगरानी की जा सके और संभावित खतरे का समय रहते आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जुलाई, अगस्त और सितंबर के दौरान होने वाली भारी वर्षा को देखते हुए सभी सड़क मार्ग हर परिस्थिति में सुचारु रहने चाहिए। विशेष रूप से मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जेसीबी मशीनों, अन्य आवश्यक उपकरणों एवं मानव संसाधनों को हर समय तैयार रखने, संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मानसून तैयारियों अथवा सड़क सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। वानी न्यूज़ की अपील मानसून के दौरान यात्रा से पहले मौसम और सड़क मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें।.
