पिथौरागढ़। मानस कॉलेज पिथौरागढ़ में छठे बैच के स्नातक स्तर के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का दीक्षारंभ समारोह वैदिक मंत्रोच्चार और भारतीय परंपराओं के साथ संपन्न हुआ। शिक्षाविद् एवं मानस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार पंत ने पूर्ण वैदिक विधान के साथ विद्यार्थियों को सच्चरित्र, सद्आचरण और निर्व्यसन जीवन के साथ उच्च शिक्षा की गंभीरता को समझने तथा अर्जित ज्ञान को राष्ट्र एवं वैश्विक कल्याण के लिए समर्पित करने की दीक्षा दिलाई।
दीक्षा के बाद डॉ. पंत ने शिक्षा और दीक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में देश के युवाओं के सामने विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने नवाचार, बौद्धिक क्षमता और नवोन्मेष के माध्यम से इन चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया।
कॉलेज के निदेशक देवाशीष पंत ने संस्थान की अवधारणा, उद्देश्यों और संदृष्टि पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में संचालित पाठ्यक्रम वर्तमान वैश्विक मांग के अनुरूप तैयार किए गए हैं और विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में आईटी विभाग की प्रो. आकांक्षा पंत, बैंकिंग विभाग के प्रो. विवेक पंत, न्यूट्रीशन विभाग की प्रो. डॉ. प्रियंका शर्मा, ग्राफिक्स विभाग के प्रो. देवराज वल्दिया, होटल मैनेजमेंट विभाग के प्रो. पवन कापड़ी और ई-कॉमर्स विभाग के प्रो. प्रकाश कुमार ने अपने-अपने पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग के हेम चंद्र पंत ने विभिन्न कंपनियों के साथ हुए एमओयू और कॉलेज के अब तक के प्लेसमेंट की जानकारी साझा की।
प्रशासनिक अधिकारी संजीव मसीह ने कॉलेज के कोड ऑफ कंडक्ट के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तार से बताया। संस्कृत विद्यालय कैलाश आश्रम के विद्यार्थियों ने दीक्षारंभ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार किया। कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बनाया।
अकादमिक प्रमुख यशोदा पाठक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन योगेश भट्ट ने किया। इस अवसर पर प्रबंधक कंचनलता पंत, बोर्ड सदस्य ललित पंत, मीनू भट्ट, प्रधानाचार्या सुनीता रावत, बेला भट्ट, रेनू शर्मा, गजेंद्र सिंह बोहरा, नेहा जोशी, नेहा भट्ट, हेम चंद्र पांडे, हिमांशु पुनेठा, रेखा ओझा, पूजा कापड़ी, दिनेश भट्ट, दीपांशु पाटनी सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: कपिल भट्ट, VANI NEWS


