देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 149 मेधावी छात्राओं को स्मार्टफोन प्रदान कर सम्मानित किया। बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर शिक्षा और कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार बेटियों को डिजिटल संसाधनों से जोड़कर उनके ज्ञान, कौशल और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। स्मार्टफोन के माध्यम से छात्राओं को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और डिजिटल शिक्षा के विभिन्न संसाधनों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र का उल्लेख करते हुए कहा कि कन्या पूजन की सार्थकता तभी है, जब बेटियों को सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

सरकार की इस पहल को मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।