पिथौरागढ़। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कनारीपाभैं और राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कनारीपाभैं के कक्षा छह के छात्र आदित्य ऐरी और तनीषा ने परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला के छात्र सौरव कलौनी ने भी छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त की।

बच्चों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उनका फूलमालाओं से अभिनंदन किया तथा मिष्ठान वितरण कर खुशी मनाई। समारोह में एसएमसी अध्यक्ष सुनीता देवी ने विद्यालय के बच्चों द्वारा लगातार किए जा रहे उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कार्यरत अध्यापकों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है कि अत्यंत गरीब परिवारों से आने वाले बच्चे भी लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं।

प्राथमिक विद्यालय की एसएमसी अध्यक्ष मोनिका देवी ने गांव के अन्य अभिभावकों से भी अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दोनों विद्यालयों के शिक्षकों के समेकित प्रयासों से अब तक कनारीपाभैं विद्यालय से छह बच्चे मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा और कुल नौ बच्चे NMMSS परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों की लगातार उपलब्धियों को देखते हुए कई अभिभावकों ने निजी विद्यालयों से अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालय में कराया है।

मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से कक्षा आठ तक कुल 25,200 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इससे बच्चों की पढ़ाई को आर्थिक सहारा मिलने के साथ-साथ उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन भी मिलेगा।

वहीं, राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला के छात्र सौरव कलौनी की सफलता पर गडार-पापला के ग्रामीणों ने भी विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया। ग्रामीणों ने सौरव की सफलता का श्रेय विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती निरंजना गुरुरानी और शिक्षक भूपेश पंत के मार्गदर्शन एवं मेहनत को दिया। प्रधानाध्यापिका निरंजना गुरुरानी ने अभिभावकों से अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में भेजने तथा सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कनारीपाभैं में आयोजित समारोह में प्रधानाध्यापक हरीश चंद्र जोशी, विज्ञान अध्यापक नरेश पुनेठा, सहायक अध्यापक बलवंत सिंह भंडारी, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गीता प्रसाद, सहायक अध्यापिका भावना मेहता, एसएमसी अध्यक्ष मोनिका देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती ज्योति ऐरी सहित रिंकी देवी, ममता देवी, सुमन देवी, प्रियंका देवी समेत अनेक अभिभावक मौजूद रहे।

— जगदीश कलौनी, पिथौरागढ़