पिथौरागढ़। यक्षवती नदी को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के उद्देश्य से विगत दिन नदी किनारे व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नदी किनारे जमा कूड़ा-कचरा हटाने के साथ ही नदी के अंदर भी सफाई कर उसे स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया।
सफाई अभियान में रई वार्ड के वार्डवासी, पंचशूल प्लस, पहाड़ी वोकल, घनश्याम ओली सोसायटी, नगर निगम पिथौरागढ़ सहित विभिन्न संस्थाओं एवं स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहयोग किया। लोगों ने श्रमदान करते हुए नदी किनारे फैले कचरे को एकत्र किया और स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक किया।
अभियान में शामिल लोगों का कहना था कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि पर्यावरण और स्थानीय जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे में नदियों को प्रदूषण से बचाने के लिए नियमित सफाई के साथ-साथ लोगों को नदी में कूड़ा न डालने के लिए जागरूक करना भी जरूरी है।
अभियान के माध्यम से लोगों को “स्वच्छ नदी, स्वस्थ पर्यावरण” का संदेश दिया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी यक्षवती नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।


