पिथौरागढ़/हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के असमय निधन पर पिथौरागढ़ और हल्द्वानी में शोक सभाएं आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय जोशी के व्यक्तित्व, कार्यशैली और विभागीय व सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
जिला सूचना कार्यालय पिथौरागढ़ में आयोजित शोक सभा में पत्रकारों एवं सूचना कार्यालय के स्टाफ ने स्वर्गीय जोशी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय जोशी ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में लंबे समय तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया और पत्रकारों तथा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी ने करीब 28 वर्षों तक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं। उन्होंने पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल में जिला सूचना अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए सूचना विभाग के साथ-साथ पत्रकार हितों के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी सहज कार्यशैली, मिलनसार व्यक्तित्व और निरंतर सक्रिय रहने की प्रवृत्ति ने सहकर्मियों और पत्रकारों के बीच उन्हें विशेष पहचान दिलाई।
हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय चले जाना सभी के लिए बड़ी क्षति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जोशी हमेशा सक्रिय रहकर काम करने वाले व्यक्ति थे और उन्होंने अपने कार्य एवं व्यवहार से जो पहचान बनाई, वह लंबे समय तक स्मरण में रहेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय जोशी के कार्यों और उनकी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक यादगार बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने रखा मीडिया सेंटर के नामकरण का प्रस्ताव। उपस्थित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से सामूहिक रूप से मांग की कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए। पत्रकारों ने कहा कि सूचना विभाग और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि इस संबंध में सभी से विचार-विमर्श कर सहमति के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
शोक सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पिथौरागढ़ की शोक सभा में जिला सूचना अधिकारी संतोष चंद, वरिष्ठ पत्रकार विजय वर्धन उप्रेती, भक्तदर्शन पाण्डेय, राकेश पंत, कुंडल सिंह चौहान, मनीष चौधरी, राजेश पंगरिया, कोमल मेहता, बृजेश तिवारी, प्रकाश पाण्डेय सहित अन्य पत्रकार एवं सूचना कार्मिक उपस्थित रहे।
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन से सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उपस्थित लोगों ने कहा कि उनका सहज व्यवहार, सक्रिय कार्यशैली और पत्रकारों के साथ आत्मीय संबंध लंबे समय तक उनकी स्मृतियों को जीवंत रखेंगे। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


