बेरीनाग (पिथौरागढ़)। सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए पिथौरागढ़ पुलिस अब जनजागरूकता के लिए पारंपरिक सांस्कृतिक मंचों का भी उपयोग कर रही है। इसी पहल के तहत कोतवाली बेरीनाग की चौकी चौकोड़ी पुलिस ने विगत सायं रामलीला मंच के माध्यम से सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान चौकी प्रभारी चौकोड़ी अपर उपनिरीक्षक अशोक चौधरी ने रामलीला देखने पहुंचे लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन न चलाने दें और उन्हें सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करें। साथ ही लोगों को नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत भी दी गई।

रामलीला जैसे पारंपरिक और जनसहभागिता वाले मंच के माध्यम से पुलिस का यह प्रयास सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इससे पुलिस और आमजन के बीच संवाद को बढ़ावा देने के साथ ही सांस्कृतिक आयोजनों को सामाजिक संदेशों से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।

पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नाबालिगों को वाहन न दें, नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।