पिथौरागढ़। ग्राम प्रधान संगठन ने हेमराज बिष्ट (कुमाऊं मंडल अध्यक्ष प्रधान संगठन )के नेतृत्व मे शनिवार को परियोजना अधिकारी को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि वीबी ग्रामजी (VB GRAMG) योजना के तहत वर्तमान में लागू ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों की परिस्थितियों में व्यावहारिक नहीं है, इसलिए इसे तत्काल समाप्त कर ऑफलाइन हाजिरी व्यवस्था लागू की जाए।
ज्ञापन में प्रधानों ने कहा कि योजना के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों को वर्तमान में ₹300 प्रतिदिन मजदूरी दी जा रही है, जिसे बढ़ाकर ₹600 प्रतिदिन किया जाना चाहिए, ताकि बढ़ती महंगाई के बीच श्रमिकों को उचित पारिश्रमिक मिल सके।
प्रधान संगठन ने यह भी मांग की कि योजना के अंतर्गत किसी भी विकास कार्य अथवा प्रस्ताव का क्रियान्वयन संबंधित ग्राम प्रधान की अनुमति और जानकारी के बिना न किया जाए, जिससे पंचायतों की भूमिका और अधिकार सुरक्षित रह सकें।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और शासन की होगी।
प्रधान संगठन ने उम्मीद जताई कि जनहित और पंचायतों के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।


