पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), डीडीहाट की कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक बुधवार देर सायं आयोजित की गई। बैठक में गत वित्तीय वर्ष में संचालित शैक्षिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा चालू वित्तीय वर्ष के प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं प्रस्तावित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संस्थान की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए शिक्षक प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयानुकूल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है। प्रशिक्षित और दक्ष शिक्षक ही शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

जिलाधिकारी ने डायट परिसर में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को वैज्ञानिक सोच, आधुनिक तकनीक एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों के अनुरूप संचालित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल शिक्षण संसाधनों तथा नवीन शिक्षण तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग किया जाए, जिससे प्रशिक्षु शिक्षकों को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाया जा सके।

बैठक में समिति के सदस्यों ने संस्थान के समग्र विकास तथा प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई, डायट डीडीहाट के प्राचार्य भास्करानंद पांडे, राजेश पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

— वाणी न्यूज़