पिथौरागढ़। देवभूमि शिक्षा केंद्र के निदेशक डाॅ. नीरज चंद्र जोशी ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर जिले की नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों के गड्ढे शीघ्र भरवाने की मांग की है।
ज्ञापन में डॉ. जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगांई द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को लंबे समय से सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद कई सड़कों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर बने गड्ढों के कारण आम जनता को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से निर्देशों की अवहेलना करने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
डॉ. जोशी ने ज्ञापन के माध्यम से सभी संबंधित विभागों से सड़कों के गड्ढों को अति शीघ्र भरने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में श्रेष्ठ भारत टाइम्स के ब्यूरो चीफ नवीन भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: डॉ. नीरज जोशी


