पिथौरागढ़। साइबर क्राइम जागरूकता के प्रचार-प्रसार और साहित्य सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए देव भूमि शिक्षा केंद्र के निदेशक डॉ. नीरज चंद्र जोशी को सम्मानित किया गया। भाजपा प्रदेश मंत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा ने एसएसबी रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप के निकट अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर दीपिका बोहरा ने कहा कि डॉ. नीरज चंद्र जोशी विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर क्राइम जागरूकता शिविर आयोजित कर छात्र-छात्राओं तथा आम जनता को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनका यह अभियान समाज के लिए सराहनीय और महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों से बचने के लिए लोगों को जागरूक करना बेहद आवश्यक है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा ने कहा कि डॉ. नीरज चंद्र जोशी की अब तक 14 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें ‘वार अगेंस्ट साइबर क्राइम’ और ‘मानस के आस्था स्थल- पिथौरागढ़ के मंदिर’ विशेष रूप से चर्चित रही हैं। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकें आम जनता के साथ ही शोधार्थियों और पर्यटकों के लिए भी उपयोगी साबित हो रही हैं।
कार्यक्रम में डॉ. नीरज चंद्र जोशी के साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने और साहित्य के माध्यम से समाज को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की गई।
इस दौरान रमेश खत्री, भाजपा पिथौरागढ़ विधानसभा के सोशल मीडिया प्रभारी पवन सिंह महर, खती गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


