पिथौरागढ़, 08 सितंबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को केएनयू राजकीय माध्यमिक विद्यालय, पिथौरागढ़ के सभागार में भारत ज्ञान विज्ञान समिति के तत्वावधान में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, विज्ञान और समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत नादभेद गंधर्वालय के विद्यार्थियों द्वारा “ज्ञान विज्ञान जिंदाबाद”, “हम संगठन बनूंला”, “पढ़ना-लिखना सीखो” तथा “चल-चल-चल रे साथी” जैसे गीतों और जनगीतों की प्रस्तुति से हुई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए शिक्षक राजीव जोशी ने शिक्षा में विज्ञान और दैनिक जीवन में वैज्ञानिक सोच के बीच दिखाई देने वाले विरोधाभास पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि हम बच्चों को विज्ञान की शिक्षा दे रहे हैं तो हमारे अपने जीवन में भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिखाई देना चाहिए। एक श्रमिक अथवा कम पढ़े-लिखे व्यक्ति के जीवन में विज्ञान को लेकर विरोधाभास हो सकता है, लेकिन एक शिक्षक के जीवन में ऐसा विरोधाभास नहीं होना चाहिए।

शिक्षक कमलेश उप्रेती ने समाज में व्याप्त अंधविश्वासों और वैज्ञानिक सोच के बीच के अंतर को उदाहरणों के माध्यम से सामने रखा। उन्होंने कहा कि कई बड़े डॉक्टर, प्रोफेसर, शिक्षक और अधिकारी भी अंधविश्वासों से घिरे दिखाई देते हैं, जबकि उनके लिए विज्ञान अक्सर केवल दूसरों को पढ़ाने तक सीमित रह जाता है।

महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक व्यवहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि माहवारी के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य, खान-पान और स्वच्छता के संबंध में वैज्ञानिक जानकारी देने के बजाय आज भी कई जगह यह बताया जाता है कि उन्हें क्या छूना या कहां जाना नहीं चाहिए। इसी तरह नई गाड़ी खरीदने से पहले नींबू-मिर्च ढूंढने के बजाय सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट और यातायात अनुशासन पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नींबू-मिर्च नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के नियम और हेलमेट हमारी रक्षा करते हैं।

निर्मला पाठक ने उत्तराखंड में भारत ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा वर्ष 1989 से अब तक संचालित कार्यक्रमों और विभिन्न जागरूकता अभियानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक महेश पुनेठा ने की, जबकि संचालन भावना पांडे और विक्रम नेगी ने संयुक्त रूप से किया। प्रोफेसर विजया रानी ढौंढियाल ने ऑल इंडिया पीपल्स साइंस नेटवर्क और भारत ज्ञान विज्ञान समिति के वर्तमान अभियान “फ्यूचर ऑफ इंडिया—वी वांट ए बेटर टुमॉरो” (भारत का भविष्य—जो है उससे बेहतर चाहिए) के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

पिथौरागढ़ जनपद इकाई का गठन कार्यक्रम के अंत में भारत ज्ञान विज्ञान समिति की पिथौरागढ़ जनपद इकाई का गठन किया गया। राजीव जोशी को अध्यक्ष, विक्रम नेगी को सचिव, कमलेश उप्रेती और जया पांडे को उपाध्यक्ष तथा निर्मला पाठक को समता संयोजक चुना गया।

वहीं भावना पांडे, रवि कुमार, दीपा खाती, विनोद उप्रेती और दिलीप कुमार को कार्यकारी सदस्य चुना गया। महेश पुनेठा, चिंतामणि जोशी, दिनेश भट्ट और रमेश जोशी को संरक्षक नामित किया गया।

कार्यकारिणी की बैठक जल्द आयोजित कर समिति का विस्तार करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही ग्राम सभा हुड़ेती में नागरिक शिक्षा केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में अगली बैठक ग्राम सभा हुड़ेती में आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त जिले के अन्य संभावित गांवों में भी नागरिक शिक्षा केंद्र स्थापित करने की योजना पर सहमति बनी।

कार्यक्रम में बासु पांडे, भगवती गुसाईं, कृष्णा रावत, चंद्र सिंह चिराल, ऐतराम दताल, लवकुश कुमार, गिरजा शंकर पंत सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। - वाणी न्यूज