पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिथौरागढ़ दौरे के दौरान पूर्व सैनिकों से संवाद नहीं होने पर पूर्व सैनिक संगठन ने नाराजगी जताई है। संगठन का कहना है कि लंबे समय बाद मुख्यमंत्री के जनपद आगमन से पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याएं रखने और लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा होने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें संवाद का अवसर नहीं मिला।

पूर्व सैनिक संगठन के अनुसार, 130 पर्यावरण बटालियन को बचाने के लिए संगठन ने 72 दिनों तक आंदोलन किया था। रक्षा मंत्रालय के सकारात्मक निर्णय के बाद पूर्व सैनिकों में उम्मीद जगी थी कि इस संबंध में आधिकारिक आदेश की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी और मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर चर्चा होगी। संगठन का कहना है कि इस मुद्दे का संबंध केवल बटालियन से नहीं, बल्कि जनपद के जल, जंगल, जमीन और स्थानीय रोजगार से भी जुड़ा है।

संगठन ने बताया कि रक्षा मंत्रालय के निर्णय की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय को भी दी गई थी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान आदेश की प्रति उपलब्ध कराने और पूर्व सैनिकों के साथ संवाद की मांग पूरी नहीं हो सकी। मुख्यमंत्री के संबोधन में भी सैनिकों और पूर्व सैनिकों का उल्लेख नहीं होने से समुदाय में निराशा है।

शीघ्र संवाद और कार्रवाई की मांग पूर्व सैनिक संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि 130 पर्यावरण बटालियन से संबंधित रक्षा मंत्रालय के आदेश की प्रति शीघ्र उपलब्ध कराई जाए तथा पूर्व सैनिकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

संगठन ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को लेकर गंभीर है। मांगें पूरी नहीं होने पर जल्द ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

— पूर्व सैनिक संगठन, पिथौरागढ़