मुवानी/पिथौरागढ़, 9 अगस्त 2026।

गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने और ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को सूनी गांव (मुवानी) में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सज्जन लाल मेमोरियल सोसाइटी के सहयोग से किया गया, जिसमें फिरमाल क्लिनिक, कैंट रोड जाखनी, पिथौरागढ़ के चिकित्सक डॉ. शशी फिरमाल (MBBS, MD मेडिसिन) का विशेष सहयोग रहा।

शिविर में 80 से अधिक ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण बुखार, सर्दी-जुकाम, घुटनों में दर्द, मधुमेह, रक्तचाप सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचे। चिकित्सक द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई।

शिविर के दौरान जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से लोगों को समय पर चिकित्सकीय सलाह और उपचार संबंधी जानकारी मिलती है।

सज्जन लाल मेमोरियल सोसाइटी के संस्थापक कमल किशोर ने शिविर के सफल आयोजन के लिए डॉ. शशी फिरमाल, फिरमाल क्लिनिक के स्टाफ तथा सूनी गांव के स्थानीय लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि डॉ. शशी फिरमाल पिछले एक वर्ष से अधिक समय से सज्जन लाल मेमोरियल सोसाइटी के साथ जुड़कर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके सहयोग से ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का लाभ लगातार मिल रहा है।

ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही मिल सके। _ VANINEWS