पिथौरागढ़। पाताल भुवनेश्वर–गुप्तड़ी–जीवल मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो का जिला प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है और इस परियोजना से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिशासी अभियंता विवेक प्रताप सिंह ने बताया कि पाताल भुवनेश्वर–गुप्तड़ी–जीवल मोटर मार्ग का प्रस्ताव वर्तमान में स्वीकृति की प्रक्रिया में है। सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का तकनीकी परीक्षण जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा पूरा किया जा चुका है। परीक्षण के बाद प्रस्ताव को अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि परियोजना का प्रस्ताव भारत सरकार की एंपावर्ड कमेटी के समक्ष अनुमोदन के लिए भेजा जा चुका है। समिति से स्वीकृति मिलते ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। विभाग के अनुसार, प्रस्ताव के आगामी कुछ सप्ताह में स्वीकृत होने की संभावना है।

अधिशासी अभियंता ने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और परियोजना की स्वीकृति एवं निर्माण प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं, जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा आमजन को समय-समय पर योजनाओं की वास्तविक प्रगति से अवगत कराया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और लोगों को सही एवं प्रमाणिक जानकारी मिलती रहे।

यदि यह सड़क परियोजना स्वीकृत होती है, तो पाताल भुवनेश्वर, गुप्तड़ी और जीवल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।