पिथौरागढ़, 8 जुलाई। नगर निगम पिथौरागढ़ ने शहर की आधारभूत सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को आधुनिक स्काई लिफ्टर वाहन का शुभारंभ किया। महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल एवं पार्षदों की उपस्थिति में वाहन को हरी झंडी दिखाकर नगर क्षेत्र की सेवा के लिए रवाना किया गया।
नगर निगम के अनुसार स्काई लिफ्टर वाहन के संचालन से ऊंचाई पर स्थित स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव एवं मरम्मत, विद्युत कार्य, पेड़ों की छंटाई तथा होर्डिंग एवं सूचना पटों के रखरखाव जैसे कार्य अब अधिक सुरक्षित, त्वरित और प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे। इससे कार्यों की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ समय और संसाधनों की भी बचत होगी।
इस अवसर पर नगर निगम ने विद्युत कर्मियों को कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण भी वितरित किए। अधिकारियों का कहना है कि इन उपकरणों से कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सुरक्षा दोनों में वृद्धि होगी।
महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल ने कहा कि नगर निगम के बेड़े में आधुनिक संसाधनों के शामिल होने से नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना संभव होगा। उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए भविष्य में भी आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों का उपयोग बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, पार्षद मोहित चौसाली, पुष्पा उप्रेती, दिनेश कापड़ी, राहुल लुंठी, नीरज कोठारी, विक्रम वाल्मीकि, डेरिक बारस्टन, भूपेन्द्र कटायत, प्रवीण उपरारी, कमलेश जोशी, त्रिलोक सिंह मेहर एवं विजेन्द्र मेहर सहित सफाई निरीक्षक शारिक अंसारी, गौरव अग्रवाल, मयूर नागी, भूपाल सोन तथा नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।


