पिथौरागढ़। जाजरदेवल पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी, चोरी के वाहन को इधर-उधर ले जाने में इस्तेमाल दूसरी स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में वाहन चोरी के साथ रात के समय खड़े वाहनों से पेट्रोल चोरी करने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक चण्डाक निवासी मोहन चन्द्र भट्ट ने अपनी स्कूटी चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। मामले में थाना जाजरदेवल में धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में थाना जाजरदेवल और चौकी वड्डा पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश और चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की गई स्कूटी कुछ युवक चण्डाक क्षेत्र में लेकर घूम रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी वड्डा आशीष रावत, हेड कांस्टेबल गंगा सिंह और कांस्टेबल मनोहर कापड़ी की टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक संदिग्ध युवकों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। बरामद स्कूटी की जांच की गई तो उसका इंजन नंबर AK3NS3701065 पाया गया। सत्यापन में स्कूटी चोरी की होना सामने आया, जिसके बाद वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने स्कूटी का लॉक खुला देखा था। इसके बाद उन्होंने स्कूटी चोरी करने की योजना बनाई और उसे चोरी कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए चोरी के वाहन को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा और उसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए अपनी दूसरी स्कूटी का इस्तेमाल किया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी रात के समय सुनसान स्थानों पर खड़े बाइक और स्कूटी से पेट्रोल निकालकर अपने वाहन में इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने मामले में— 1. रिषभ गुरंग (18 वर्ष), निवासी ग्राम ऊर्ग, थाना जाजरदेवल 2. पवन कुमार (21 वर्ष), निवासी पंडा, थाना जाजरदेवल को गिरफ्तार किया है।

वहीं तीसरे आरोपी की उम्र 18 वर्ष से कम पाए जाने पर उसे किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।

चोरी की गई स्कूटी ,चोरी की स्कूटी को ले जाने में इस्तेमाल दूसरी स्कूटी ,दो मोबाइल फोन हुआ बरामद जाजरदेवल पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटना का खुलासा होने के साथ ही पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इससे पहले कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। _ वाणी न्यूज