पिथौरागढ़। उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध लोक गायिका स्वर्गीय कबूतरी देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर 7 जुलाई 2026 को जिला पंचायत हॉल, पिथौरागढ़ में श्रद्धांजलि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे से होगा, जिसमें प्रदेश के लोक कलाकार, लोक गायकों, गायिकाओं तथा सांस्कृतिक मंचों से जुड़े कलाकार अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियां देंगे।

आयोजन समिति की ओर से उत्तराखंड के समस्त लोक गायकों, लोक गायिकाओं एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कलाकारों से कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया गया है। आयोजकों का कहना है कि स्वर्गीय कबूतरी देवी ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक संगीत को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम उनके सांस्कृतिक अवदान को श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर होगा।

कार्यक्रम में लोकगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से स्वर्गीय कबूतरी देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। आयोजन समिति ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, सांस्कृतिक प्रेमियों एवं आम नागरिकों से भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

इस कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती हेमा देवी, पुत्री स्वर्गीय लोक गायिका कबूतरी देवी, समस्त परिवार एवं आयोजन समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है।