पिथौरागढ़। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 09 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार, 12 अगस्त को जनपद मुख्यालय पिथौरागढ़ में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

साइकिल रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी एवं पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने किया। रैली जिलाधिकारी आवास भाटकोट से शुरू होकर सिल्थाम, केएमओयू स्टेशन और विकास भवन होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

रैली में 17 साइकिलिस्ट और 05 बाइकर्स सहित कुल 22 युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर युवाओं ने रैली के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इस अवसर पर एडवेंचर्स लवर एसोसिएशन के अशोक भंडारी, मोनाल संस्था के सुरेंद्र पवार एवं किशोर बोहरा तथा पर्यटन विभाग के राजेंद्र सिंह धामी, हर्ष चौहान और मोहन चंद सहित अन्य लोगों ने भी प्रतिभाग किया।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने की अपील की।

इस दौरान उप जिलाधिकारी पिथौरागढ़ जितेंद्र वर्मा, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

_VANINEWS