हल्द्वानी। हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दो गांव के पास आनंदा दूध डेयरी के दूध और अन्य डेयरी उत्पादों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक सुयालबाड़ी-रामगढ़ निवासी बालम सुयाल सोमवार तड़के ट्रक में आनंदा दूध डेयरी का दूध और अन्य डेयरी प्रोडक्ट लेकर हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जा रहे थे। दो गांव के समीप अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

बताया जा रहा है कि ट्रक के खाई में गिरने के दौरान चालक ने बीच रास्ते में ही वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि इस दौरान वह घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही ज्योलिकोट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला।

कोतवाल हरपाल सिंह के मुताबिक घायल ट्रक चालक को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। हादसे में ट्रक और उसमें लदे दूध व डेयरी उत्पादों को काफी नुकसान होने की आशंका है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। _ Shailendra Singh Negi ki facebook Wall se