हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बिजली चोरी और बिजली मीटरों से छेड़छाड़ के 100 से अधिक मामले सामने आने के बाद उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने पुलिस को तहरीर दी है। यह कार्रवाई वनभूलपुरा थाना क्षेत्र में 50 प्रतिशत से अधिक लाइन लॉस की जानकारी मिलने के बाद की गई।
यूपीसीएल के मुख्य अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी ने आकाशवाणी को बताया कि मंगलवार सुबह पांच बजे से नौ बजे तक व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में विभाग की सात टीमें शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त देहरादून से पहुंची यूपीसीएल की सतर्कता टीम ने भी जांच में भाग लिया।
जांच अभियान के दौरान बिजली चोरी और मीटर से छेड़छाड़ से जुड़े 100 से अधिक मामले सामने आए। इसके बाद विभाग ने संबंधित मामलों में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के बाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की निगरानी और जांच को लेकर विभाग की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


