पिथौरागढ़ में हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इसे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा पूरे दलित समाज का अपमान बताते हुए कड़ी निंदा की।
पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान, टकाना में धरना दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर जल निगम तिराहे पर भाजपा सरकार के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा मंत्री रेखा आर्य के पुतले का दहन किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के वरिष्ठ नेता और दलित समाज की आवाज माने जाने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद शुद्धिकरण की राजनीति करना सामाजिक सौहार्द के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इस तरह की राजनीति को शर्मनाक, निंदनीय और अस्वीकार्य बताया।
प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। -kapil vaninews


