पिथौरागढ़। हल्द्वानी में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर सियासी विवाद अब पिथौरागढ़ तक पहुंच गया है। कांग्रेस द्वारा इस मामले को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम और समाज में वैमनस्य पैदा करने के प्रयासों के विरोध में सोमवार को पिथौरागढ़ में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा एवं पार्टी पदाधिकारियों की ओर से ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ आयोजित किया गया।
धरने में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा प्रसाद ने हिस्सा लिया और हल्द्वानी प्रकरण को लेकर भाजपा का पक्ष रखते हुए विरोध दर्ज कराया। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी सामाजिक समरसता, समानता, न्याय तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और सामाजिक न्याय एवं समानता के उनके संदेश को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में हुई घटना को लेकर कांग्रेस द्वारा ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जिससे समाज में भ्रम और वैमनस्य उत्पन्न हो सकता है।
धरने में कई भाजपा नेता रहे मौजूद कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष भोपाल राम टम्टा, वीरेंद्र वल्दिया, गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी, जिला पंचायत सदस्य भावना लोहिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक लोहिया, पूर्व जिला पूर्ति अधिकारी एवं पार्षद डी.एल. राज तथा डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा ने धरने के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और समाज में किसी भी प्रकार के वैमनस्य के प्रयासों का विरोध करने का संकल्प व्यक्त किया।
_ कपिल वाणीन्यूज


