डीडीहाट। ग्राम पंचायत हाट थर्प में आयोजित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन चल वैजयंती वॉलीबॉल प्रतियोगिता–2026 का रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में झूलाघाट की टीम ने शानदार खेल, बेहतरीन तालमेल और दमदार प्रदर्शन करते हुए हरु सैम हाट A को 25/23, 25/21 और 25/21 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। शुरुआत से ही मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और हर अंक के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। हालांकि, महत्वपूर्ण मौकों पर झूलाघाट के खिलाड़ियों ने बेहतर रणनीति और तालमेल का परिचय देते हुए लगातार तीनों सेट अपने नाम कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।

इन खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उदयीमान खिलाड़ी का पुरस्कार हरु सैम हाट B के ध्रुव शाह को दिया गया। वहीं बेस्ट सैटर झूलाघाट के जनक चंद, बेस्ट अटैकर 6 RR के मोनू चौधरी, बेस्ट डिफेंडर 6 RR के गुरुबचन तथा बेस्ट ब्लॉकर झूलाघाट के पारस चंद चुने गए।

सेमीफाइनल और फाइनल में भी खिलाड़ियों का जलवा सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम सेमीफाइनल में झूलाघाट के मनोज थापा, द्वितीय सेमीफाइनल में हरु सैम हाट A के बंटी कफलिया तथा फाइनल मुकाबले में झूलाघाट के अनुज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पूरी प्रतियोगिता में निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले हरु सैम हाट A के शैलेन्द्र शाह को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से सम्मानित किया गया।

आयोजक मंडल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, युवाओं, दर्शकों और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि सभी के सहयोग और उत्साह से प्रतियोगिता को भव्य एवं यादगार बनाने में सफलता मिली।

आयोजक मंडल ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में खेल और खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को अधिक से अधिक खेलों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

ग्राम प्रधान हाट थर्प, डीडीहाट मनोज भंडारी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: हर्षित मेहरा, डीडीहाट