पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ में हाल ही में संपन्न हुए उप-प्रधान चुनावों के बाद निर्वाचित उप-प्रधानों को आगामी 03 अगस्त 2026 को विधिवत शपथ दिलाई जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार शासन की अधिसूचना एवं राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन में उप-प्रधानों के निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद अब शपथ ग्रहण की प्रक्रिया उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम, 2016 तथा संबंधित सेवा नियमावली, 1994 के प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने विकासखंडों में निर्वाचित उप-प्रधानों को 03 अगस्त को नियमानुसार शपथ दिलाना सुनिश्चित करें। साथ ही शपथ ग्रहण कार्यक्रम से संबंधित सूचना एवं आवश्यक विवरण समयबद्ध रूप से जिला पंचायत राज अधिकारी, पिथौरागढ़ तथा जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शपथ ग्रहण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, नियमबद्ध और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए, ताकि पंचायतों के गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण हो सके और ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों का संचालन प्रभावी रूप से प्रारंभ किया जा सके।


