देहरादून।
उत्तराखंड में आगामी चुनावों से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार को प्रदेश के सबसे बड़े मुद्दे बताया।
वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड का युवा बेरोजगारी से परेशान है और रोजगार की तलाश में लगातार पलायन कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले 10 वर्षों में BJP सरकार ने बेरोजगारी कम करने और पलायन रोकने के लिए आखिर क्या ठोस कदम उठाए?
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार एक गंभीर समस्या बन चुका है। उनके अनुसार, भाजपा के कुछ विधायक भी सार्वजनिक रूप से कमीशनखोरी की बात कर चुके हैं और उन्होंने दावा किया कि सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव में रोजगार, पलायन, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच लेकर जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड के युवाओं और आम जनता के साथ खड़ी है और इन्हीं मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी।


