पिथौरागढ़, 29 जुलाई। जनपद पिथौरागढ़ में आगामी 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला अधिकारी कैंप कार्यालय में संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध और समन्वित ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि मैराथन का आयोजन ज्योलिंकोंग से प्रारंभ होकर गुंजी सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों तक किया जाएगा। प्रतियोगिता 70, 42, 21, 10 और 5 किलोमीटर की पांच अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित होगी। इस वर्ष करीब 1000 प्रतिभागियों के मैराथन में हिस्सा लेने की संभावना जताई गई है।

जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि आयोजन के लिए आईटीबीपी, भारतीय सेना, बीआरओ और एसएसबी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग पहले से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने आयोजन स्थल और पूरे मैराथन मार्ग पर नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही मैराथन मार्ग को दुरुस्त करने, पर्याप्त एवं स्पष्ट साइन बोर्ड, स्वच्छ शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए आयोजन के दौरान कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों, एम्बुलेंस, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन पिथौरागढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन (एडवेंचर टूरिज्म) के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित प्रयासों के साथ आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का आह्वान किया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल, उपनिदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसएसबी और बीआरओ के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।