पिथौरागढ़, 25 सितंबर 2026।

26 सितंबर को प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने जनपदवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर अत्यधिक वर्षा, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भूस्खलन की संभावना वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा है। नदी, नालों, गधेरों एवं अन्य जल स्रोतों के समीप नहीं जाने तथा जलस्तर बढ़ने पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को भूस्खलन एवं पत्थर गिरने वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। अभिभावकों से बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं भेजने का अनुरोध किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने, अफवाहों से बचने और समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित तहसील प्रशासन अथवा जिला आपदा प्रबंधन से तत्काल संपर्क करने को कहा गया है।

प्रशासन का संदेश है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।