पिथौरागढ़, 01 अगस्त। आगामी 03 से 08 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 130 इन्फेंट्री बटालियन (पर्यावरण) भर्ती के मद्देनज़र सोर घाटी पूर्व सैनिक कल्याण समिति (पूर्व सैनिक संगठन, पिथौरागढ़) ने जिला प्रशासन से बाहर से आने वाले पूर्व सैनिकों के लिए आवास एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में संगठन की ओर से जिलाधिकारी पिथौरागढ़ तथा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया गया।

संगठन ने कहा कि सैनिक बाहुल्य जनपद पिथौरागढ़ में आज भी सैनिक विश्रामगृह का अभाव बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक विभिन्न प्रशासनिक, सैनिक कल्याण एवं व्यक्तिगत कार्यों से जिला मुख्यालय पहुंचते हैं, लेकिन उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें निजी होटलों या अन्य महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रदेश के अनेक जनपदों एवं तहसीलों में सैनिक विश्रामगृह की सुविधा उपलब्ध है, जबकि लगभग 28 हजार पूर्व सैनिकों वाले पिथौरागढ़ जनपद में यह मूलभूत सुविधा अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी है। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में संचालित सैनिक विश्रामगृह को लगभग दो वर्ष पूर्व पुनर्निर्माण के लिए बंद किया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे पूर्व सैनिकों में निराशा और असंतोष व्याप्त है।

संगठन ने बताया कि भर्ती के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक पिथौरागढ़ पहुंचेंगे। यदि समय रहते वैकल्पिक आवास, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की गई तो प्रतिभागियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा और जनपद की सकारात्मक छवि भी प्रभावित हो सकती है।

इस संबंध में संगठन के वरिष्ठ सलाहकार सूबेदार मेजर राजेन्द्र सिंह जोरा ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन प्रस्तुत किया। संगठन ने प्रशासन से भर्ती अवधि के दौरान अस्थायी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की है।

पूर्व सैनिक संगठन ने यह भी बताया कि वह अपने स्तर पर संगठन कार्यालय में बाहर से आने वाले पूर्व सैनिकों के ठहरने की व्यवस्था करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन का सहयोग आवश्यक है। संगठन ने भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर उसके सभी सदस्य शासन एवं प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार रहेंगे।

स्रोत: सोर घाटी पूर्व सैनिक कल्याण समिति (पूर्व सैनिक संगठन), पिथौरागढ़।