पिथौरागढ़ जनपद में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगोलीहाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम नौलिया सेरा स्थित एक परचून की दुकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की और दुकान स्वामी को गिरफ्तार किया।

एसएचओ कोतवाली गंगोलीहाट कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम नौलिया सेरा स्थित परचून की दुकान पर छापा मारा गया।

तलाशी के दौरान दुकान से 364 टेट्रा पैक देशी शराब माल्टा तथा 18 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने दुकान स्वामी प्रकाश जोशी निवासी सेराघाट, पिथौरागढ़ को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार ड्राई डे के चलते अधिकृत शराब की दुकानें बंद थीं। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने शराब का अवैध रूप से भंडारण किया और उसे ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी/बिक्री कर रहा था।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पिथौरागढ़ पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस टीम में शामिल रहे:

उ0नि0 मो0 आकिल सिद्दकी, अपर उ0नि0 नरेन्द्र पाठक, म0 है0 का0 हेमा पन्त और चालक रवि कुमार। _ vaninews