पिथौरागढ़, 01 अगस्त।

गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पिथौरागढ़ में शनिवार को सुप्रिम यूथ क्लब पिथौरागढ़ के तत्वावधान में निःशुल्क छाता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह वाल्दिया ने विद्यालय की 500 से अधिक छात्राओं को निःशुल्क छातों का वितरण किया।

इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह वाल्दिया ने कहा कि यह पहल केवल छातों के वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधा के प्रति समाज की जिम्मेदारी निभाने का एक छोटा-सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षित एवं सशक्त बेटियाँ ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष महेश पाठक 'गोलू', बबिता पुनेठा, पूर्व जिला मंत्री जितेंद्र सिंह 'जिट्टू', मंडल उपाध्यक्ष आकाश टम्टा, सोशल मीडिया प्रभारी महेश जोशी, पार्षद ललित मोहन भट्ट, मयूर नागी, लेफ्टिनेंट मोहित बिष्ट, दीप्ति बिष्ट तथा नरेंद्र भट्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या हंसा धामी ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से छात्राओं का उत्साहवर्धन होता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं सुप्रिम यूथ क्लब के सभी सदस्यों का सहयोग और योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।