पिथौरागढ़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत पिथौरागढ़ नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का मुख्य आकर्षण 80 मीटर लंबा विशाल तिरंगा ध्वज रहा, जिसे लेकर बड़ी संख्या में लोग देशभक्ति के उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।

हाथों में तिरंगा और दिल में राष्ट्रप्रेम का जज्बा लिए स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, व्यापारियों, युवाओं, मातृशक्ति और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भारत माता के जयकारों और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

तिरंगा यात्रा में नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भण्डारी, जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं, पूर्व विधायक चन्द्रा प्रकाश पंत, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रावत, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेन्द्र वल्दिया, वीरेन्द्र शाह, जगत सिंह खाती, बसंत जोशी, वरिष्ठ नेत्री प्रेमा कोश्यारी और रचना जोशी सहित नगर निगम के पार्षदगण मौजूद रहे।

इसके अलावा पूर्व सैनिक संगठन, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालयी छात्र-छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी और बड़ी संख्या में युवाओं ने भी तिरंगा यात्रा में भागीदारी की।

यात्रा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। देश की आन-बान और शान के लिए वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और गौरव की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

80 मीटर लंबे तिरंगे ने यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया। विशाल तिरंगे के साथ आगे बढ़ते लोगों का दृश्य नगर में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा और बड़ी संख्या में नागरिकों ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

तिरंगा यात्रा के समापन के पश्चात सहभोज कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एक साथ सहभोज में प्रतिभाग किया और आपसी एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया।