पिथौरागढ़। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व सैनिक संगठन, पिथौरागढ़ आगामी रविवार को जनपदभर में "अमर शौर्य स्मृति एवं स्वच्छता अभियान–2026" का आयोजन करेगा। अभियान के तहत जिले के विभिन्न शहीद स्मारकों, युद्ध स्मृतियों एवं वीर जवानों की स्मृति से जुड़े स्थलों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया जाएगा।

अभियान के सफल संचालन के लिए संगठन ने जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्र में स्थित शहीद स्मारकों की साफ-सफाई करेंगी तथा "हर शहीद स्थल – तिरंगा" अभियान के तहत प्रत्येक स्मारक पर राष्ट्रीय ध्वज भी स्थापित करेंगी।

पूर्व सैनिक संगठन का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन अमर वीरों को याद करने का भी दिन है, जिन्होंने देश की आजादी और उसकी रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। संगठन के अनुसार शहीद स्मारक केवल स्मृति चिन्ह नहीं, बल्कि राष्ट्र की गौरवशाली विरासत, प्रेरणा और बलिदान के प्रतीक हैं, जिनका संरक्षण और सम्मान प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

संगठन ने बताया कि कई शहीद स्मारकों को अभियान में शामिल किया गया है, लेकिन अभी भी जनपद में ऐसे कई स्मृति स्थल हैं, जो उपेक्षा के कारण गुमनाम हो गए हैं। ऐसे स्थलों की जानकारी आमजन से मांगी गई है, ताकि उन्हें भी इस अभियान का हिस्सा बनाया जा सके।

पूर्व सैनिक संगठन ने जनपदवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यदि स्वतंत्रता दिवस को "स्वच्छ स्मारक – सम्मानित शहीद" की भावना के साथ मनाया जाए, तो यह न केवल शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति और सम्मान की भावना भी मजबूत होगी।

संगठन ने सभी नागरिकों से इस जन-जागरूकता अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और इसे सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया है।

जय हिंद।