पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों में अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र पीड़ितों को नियमानुसार अनुमन्य आर्थिक सहायता समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में राहत राशि का भुगतान लंबित है, उनका शीघ्र निस्तारण करते हुए पीड़ितों तक सहायता बिना किसी अनावश्यक विलंब के पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में लापरवाही या देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्ष 2023-24 में 4, 2024-25 में 5, 2025-26 में 7 तथा चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 4 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि पिछले वर्षों के सभी मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। वहीं चालू वर्ष के 4 मामलों में से 2 का निस्तारण हो चुका है, जबकि शेष 2 मामलों में कार्रवाई जारी है।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय के साथ-साथ शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता का लाभ भी शीघ्र मिल सके।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी डी.पी.एस. राठौर, पुलिस उपाधीक्षक जी.बी. जोशी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।