पिथौरागढ़।
जनपद पिथौरागढ़ के बलुवाकोट निवासी एवं असम राइफल्स में तैनात हवलदार हिम्मत राम का गुवाहाटी में अचानक हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार, क्षेत्रवासियों और सैन्य समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।
हवलदार हिम्मत राम वर्तमान में असम राइफल्स में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनका परिवार इन दिनों सल्मोड़ा में निवास कर रहा है। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से दिल्ली लाया गया, जहां से उसे पिथौरागढ़ के लिए रवाना किया गया। देर रात तक पार्थिव शरीर के जिले में पहुंचने की संभावना है।
मंगलवार को उनके पैतृक घाट बलुवाकोट में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान सेना के जवान उन्हें अंतिम सलामी देंगे और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
हवलदार हिम्मत राम के निधन पर जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
वाणी न्यूज़ दिवंगत हवलदार हिम्मत राम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।


