पिथौरागढ़। सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को अब गांव और आंगनबाड़ी केंद्रों तक ले जाने की तैयारी है। इसी सिलसिले में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार करना नहीं, बल्कि उन लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाना है, जो किसी कारणवश योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रमों को इसी उद्देश्य के अनुरूप संचालित करने को कहा।
महीनेभर चलने वाले अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इससे योजनाओं की जानकारी और उनके लाभ को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
‘आंगन का मिलन’ बनेगा अभियान का अहम पड़ाव बैठक में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम पर विशेष जोर दिया गया। प्रभारी मंत्री ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रमों में लंबे समय से अपने-अपने केंद्रों पर सेवाएं दे रहीं आंगनबाड़ी बहनों, कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
इन कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री पोषण अभियान, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना और महालक्ष्मी किट वितरण सहित अन्य योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री ने कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पहले से इसकी जानकारी हो, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इन शिविरों और कार्यक्रमों में पहुंचकर लाभ उठा सकें।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल बसेड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे । _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


