पिथौरागढ़। थल-पिथौरागढ़ मार्ग से लगे आदर्श ग्राम बलतीर पर इन दिनों खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। गांव के समीप नागिमल पहाड़ी लगातार दरक रही है, जिससे ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नवराज भैसोड़ा ने नागिमल पहाड़ी के स्लाइड जोन से वीडियो बनाकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेने की अपील की है।
नवराज भैसोड़ा का कहना है कि आदर्श ग्राम बलतीर ने देश को अनेक नेता, प्रशासनिक अधिकारी और सेना के जवान दिए हैं, लेकिन आज यही गांव एक गंभीर प्राकृतिक खतरे का सामना कर रहा है।
उनका कहना है कि नागिमल पहाड़ी के लगातार दरकने की समस्या को कई बार सामने लाया गया है और संबंधित स्तर पर इसकी जानकारी भी दी गई, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
वीडियो के माध्यम से नवराज ने मुख्यमंत्री धामी से भावुक अपील करते हुए कहा कि अब ग्रामीणों को सरकार से ही उम्मीद है। यदि पहाड़ी का दरकना इसी तरह जारी रहा तो आने वाले समय में यह स्थिति ग्रामीणों और थल-पिथौरागढ़ मार्ग, दोनों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन और संबंधित विभाग नागिमल पहाड़ी के स्लाइड जोन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर खतरे का आकलन करें और आवश्यक सुरक्षा एवं स्थायी उपचार की कार्रवाई शुरू करें।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री स्तर से इस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
VANI NEWS


