आदि कैलाश मार्ग पर विशाल पीपल का पेड़ गिरने से यातायात बाधित, पुलिस और NDRF ने तुरंत संभाला मोर्चा
बलुवाकोट के पास NH-09 पर हुई घटना, त्वरित कार्रवाई से कुछ ही देर में यातायात हुआ सामान्य

पिथौरागढ़, 3 जुलाई। पिथौरागढ़–धारचुला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-09) पर बलुवाकोट क्षेत्र में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क पर गिर जाने से यातायात अस्थायी रूप से बाधित हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बलुवाकोट श्रीमती नीमा बोहरा के नेतृत्व में थाना पुलिस तथा NDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संयुक्त अभियान चलाकर सड़क पर गिरे पेड़ को शीघ्र हटाया गया और मार्ग को सुरक्षित बनाते हुए कुछ ही समय में यातायात पुनः सुचारु कर दिया गया। पुलिस की तत्परता और NDRF के सहयोग से संभावित बड़ी परेशानी टल गई तथा आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर आवागमन जल्द ही सामान्य हो गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पिथौरागढ़ ने बताया कि वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर यातायात पूरी तरह सामान्य एवं सुरक्षित रूप से संचालित हो रहा है।.
