धारचूला, पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र में साइबर ठगी और सुरक्षा से जुड़े खतरों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में SOG और धारचूला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। कस्बा धारचूला में छापेमारी कर पुलिस ने फर्जी आईडी के आधार पर SIM एक्टिवेट करने वाले एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष प्रसाद बगौली, निवासी ग्राम सेली (जुम्मा), धारचूला, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से Vi कंपनी के 3 अवैध प्री-एक्टिवेटेड SIM कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

फर्जी दस्तावेजों या किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान पर SIM एक्टिवेट होना केवल साइबर ठगी तक सीमित मामला नहीं है। ऐसे नंबरों का इस्तेमाल फर्जी बैंक खाते, OTP फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, धमकी, ठगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है। सीमांत क्षेत्र होने के कारण ऐसे मामलों को सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर माना जा रहा है।

पुलिस के विशेष अभियान के तहत अब तक 05 POS एजेंटों पर कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान में 1183 SIM कार्ड जब्त, 07 मोबाइल फोन बरामद, 63 आधार कार्ड जब्त, 95 SIM ब्लॉक, 157 मोबाइल फोन ब्लॉक किए जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली धारचूला में धारा 318(4) BNS और धारा 42 दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कहीं आपके नाम पर तो नहीं चल रहा कोई फर्जी SIM ?

कई बार व्यक्ति को पता भी नहीं होता कि उसकी ID का इस्तेमाल करके कोई दूसरा मोबाइल नंबर एक्टिवेट करवा चुका है। इसलिए हर व्यक्ति को समय-समय पर अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जांच करनी चाहिए ।

ऐसे करें चेक संचार साथी पोर्टल के TAFCOP पर जाएं afcop.sancharsaathi.gov.in अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें । OTP के जरिए लॉगिन करें । आपके नाम/ID पर जारी मोबाइल नंबरों की सूची स्क्रीन पर दिखाई देगी।

कोई नंबर आपका नहीं है तो उसे “Not my number” के रूप में रिपोर्ट करें और संबंधित प्रक्रिया के जरिए उसे ब्लॉक/डिस्कनेक्ट कराने का अनुरोध करें।

एक अनजान SIM सिर्फ एक मोबाइल नंबर नहीं, बल्कि आपकी पहचान के दुरुपयोग का रास्ता भी बन सकता है। इसलिए आज ही अपने नाम पर जारी सभी मोबाइल नंबरों की जांच करें और संदिग्ध नंबर दिखे तो तुरंत रिपोर्ट करें ! _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज