पिथौरागढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची से संबंधित जारी नोटिसों, दावों एवं आपत्तियों पर चल रही सुनवाई का मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने पिथौरागढ़ नगर के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और मतदाताओं से बातचीत कर नोटिसों, दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई कर रहे सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक स्पष्ट, शुद्ध और पारदर्शी बनाना है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उनकी आपत्तियों और दावों को विनम्रता एवं सहानुभूतिपूर्वक सुनकर उनका समयबद्ध समाधान किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य किसी पात्र मतदाता का नाम हटाना नहीं, बल्कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि प्रत्येक योग्य मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर सके।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सबसे पहले राजकीय प्राथमिक पाठशाला रई पहुंचे, जहां उन्होंने दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने लोक निर्माण विभाग परिसर एवं राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय टकाना स्थित बूथों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर के अंतर्गत नोटिस जारी करने तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 11 सितंबर 2026 तक संचालित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पिथौरागढ़ जितेंद्र वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


