सिरतोला, पिथौरागढ़। सीमांत डेवलेपमेंट सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित सीमांत यूथ फुटबॉल चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 का भव्य उद्घाटन कल 12 सितंबर 2026 को खेल मैदान खाड़ीबगड़, सिरतोला में किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देना है।

उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत ‘खेल को हां, नशे को ना’ थीम के साथ निकाली जाने वाली जागरूकता झांकी से होगी। विद्यालयी बच्चों, युवाओं और महिलाओं की सहभागिता वाली यह झांकी पंचायत घर से खेल मैदान खाड़ीबगड़ तक निकाली जाएगी।

इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं और विद्यालयी बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसके उपरांत सीमांत यूथ फुटबॉल चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 का औपचारिक एवं भव्य उद्घाटन किया जाएगा।

जिला स्तरीय 7-A-Side पुरुष फुटबॉल चैंपियनशिप में विभिन्न टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बेस्ट प्लेयर और बेस्ट गोलकीपर के लिए विशेष पुरस्कार भी रखे गए हैं।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उद्घाटन कार्यक्रम को भव्य बनाने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

सीमांत डेवलेपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष एवं प्रधान प्रतिनिधि सिरतोला प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। चैंपियनशिप के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया जाएगा। _ प्रकाश वाणी न्यूज