धारचूला तहसील के कुलागाड़ में बैली ब्रिज के निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने अब तेजी दिखानी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने रविवार को कुलागाड़ पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर ब्रिज की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने ब्रिज निर्माण की कार्यदाई संस्था बीआरओ के अधिकारियों को निर्माण कार्य त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से आदि कैलाश यात्रा के मद्देनजर पुल का जल्द तैयार होना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था शीघ्र बहाल की जा सके।

एडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। अब देखना होगा कि प्रशासन के इन निर्देशों के बाद कुलागाड़ बैली ब्रिज का निर्माण वास्तव में कितनी तेजी से आगे बढ़ता है और कब तक इस मार्ग पर यातायात दोबारा शुरू हो पाता है।

सेना के सहयोग से बनाए पैदल मार्ग का भी निरीक्षण अपर जिलाधिकारी ने अस्थायी रूप से सेना के सहयोग से तैयार किए गए पैदल मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मार्ग से पैदल यात्रियों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए। अस्थायी पुल पर तैनात सभी संबंधित कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी सतर्कता से निभाने के निर्देश दिए गए।

मलबा हटाने में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी एडीएम ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नदी में जमा अतिरिक्त मलबे को जल्द हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है। स्थानीय लोगों से अपील की गई कि किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि उसका जल्द समाधान किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज