पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के अंतर्गत गुरुवार को यात्रा का दूसरा दल पिथौरागढ़ पहुंचा, जहां जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने जिला प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों का स्वागत करते हुए उनकी कुशलक्षेम पूछी और सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
द्वितीय दल में कुल 47 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 13 महिलाएं देश के विभिन्न राज्यों से कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पर निकले हैं। दल के सबसे कम आयु के यात्री रुषिकेश विनोद मेहाकरे (26 वर्ष, महाराष्ट्र) और शैलांशु गोपाल तुषार (26 वर्ष) हैं, जबकि सबसे वरिष्ठ श्रद्धालु अरविंद कुमार श्रीवास्तव (69 वर्ष, मध्य प्रदेश) एवं काली शेखर मुखोपाध्याय (69 वर्ष) हैं।
इस अवसर पर यात्रा दल के लायजन ऑफिसर ने कहा कि 47 श्रद्धालुओं के इस दल का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार और कुमाऊँ मंडल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में यात्रा का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुंजी पहुंचने के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र की वास्तविक एवं चुनौतीपूर्ण यात्रा प्रारंभ होगी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा पिथौरागढ़ की गौरवशाली धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज और सुखद यात्रा का अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण, एम्बुलेंस, चिकित्सा सहायता, विद्युत, स्वच्छता, परिवहन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं चिकित्सा सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन एवं कुमाऊँ मंडल विकास निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। यात्रियों ने कहा कि उन्हें आवास, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वागत व्यवस्था से लेकर संपूर्ण यात्रा प्रबंधन तक हर स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और यादगार बनाने के लिए अत्यंत सुंदर एवं व्यवस्थित प्रबंध किए हैं।
यात्रा के सफल संचालन में कुमाऊँ मंडल विकास निगम (केएमवीएन), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान सहित सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस दल में गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद यह दल गुंजी के लिए प्रस्थान करेगा, जहां से कैलाश मानसरोवर यात्रा के अगले चरण की शुरुआत होगी।


