पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में "Support to Poor Prisoners Scheme" (गरीब कैदियों के लिए आर्थिक सहायता योजना) के अंतर्गत गठित सशक्त समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए पात्र बंदियों को समयबद्ध एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि इस योजना का उद्देश्य ऐसे आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों की सहायता करना है, जो सजा पूरी कर चुके हैं अथवा जमानत प्राप्त कर चुके हैं, लेकिन जुर्माना राशि जमा न कर पाने के कारण जेल से रिहा नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे पात्र बंदियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी रिहाई सुनिश्चित की जाती है।
समिति के समक्ष जनपद की वर्तमान स्थिति प्रस्तुत करते हुए अवगत कराया गया कि फिलहाल इस योजना से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र एवं आर्थिक रूप से कमजोर बंदी को न्याय प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहायता समय पर उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में यदि इस योजना के अंतर्गत कोई पात्र मामला प्राप्त होता है तो उसका तत्काल परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप नियमित समीक्षा करने तथा प्रत्येक माह समिति की बैठक आयोजित कर शासन को समयबद्ध प्रतिवेदन भेजने पर भी बल दिया।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला कारागार, पुलिस, अभियोजन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
— वाणी न्यूज़


