पिथौरागढ़। पर्यावरण संरक्षण और फलदार वृक्षों के बेहतर संरक्षण के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बस्तड़ी में "कलस्टर वृक्षारोपण" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत एक ही स्थान पर समूह में फलदार पौधे लगाए गए, ताकि उनके रखरखाव की बेहतर व्यवस्था हो सके और भविष्य में फलदार पौधों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।

कार्यक्रम का नेतृत्व ग्राम प्रधान मंजू भट्ट ने किया। उन्होंने कहा कि यदि पौधों को अलग-अलग स्थानों पर लगाने के बजाय एक क्लस्टर (समूह) में लगाया जाए, तो उनकी सुरक्षा, सिंचाई, देखरेख और संरक्षण अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकता है। इससे पौधों के जीवित रहने की संभावना भी बढ़ेगी तथा आने वाले वर्षों में ग्राम पंचायत को फलोत्पादन से भी लाभ मिलेगा।

वृक्षारोपण के लिए विकास खंड कार्यालय की ओर से आम और लीची के फलदार पौधे उपलब्ध कराए गए। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर पौधों का रोपण किया तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर के. सी. भट्ट, गोविंद भट्ट, मोहन चंद्र भट्ट, बसंती देवी, कृष्णा भट्ट, पुष्कर भट्ट सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।