पिथौरागढ़। ग्राम बडौली में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की देखरेख में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का कार्य किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं भी धान की फसल की कटाई की और कटाई के बाद प्राप्त उत्पादन का मापन किया गया।

क्रॉप कटिंग के लिए चयनित दो खेतों में 30-30 वर्ग मीटर के प्रयोगात्मक प्लाट तैयार किए गए। मड़ाई के बाद पहले प्लाट से 7.3 किलोग्राम तथा दूसरे प्लाट से 5.2 किलोग्राम धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। प्राप्त आंकड़ों को संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता का अनुमान लगाने के साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा दावों के भुगतान में किया जाता है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों एवं ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने किसानों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में तहसीलदार विजय गोस्वामी, सांख्यिकी अधिकारी सुशीला चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: कपिल भट्ट