पिथौरागढ़, 24 जुलाई।

पिथौरागढ़ के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी में आयोजित एक समारोह में विधायक विशन सिंह चुफाल ने ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कंप्यूटर शिक्षा और डिजिटल संसाधनों का ज्ञान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

समारोह के दौरान विधायक चुफाल ने श्री बालकदेव फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा विद्यालय में स्थापित आधुनिक कंप्यूटर लैब, क्यान सिस्टम, स्मार्ट क्लास तथा पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इन अत्याधुनिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर तकनीकी ज्ञान अर्जित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।

विद्यालय में क्यान सिस्टम के माध्यम से डिजिटल शिक्षण कार्य संचालित किया जा रहा है। श्री बालकदेव फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष शंकर सिंह भाटिया ने बताया कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद के अंतर्गत विद्यालय में आधुनिक कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास की स्थापना की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध हो रही है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक विशन सिंह चुफाल ने विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए कुर्सियों की व्यवस्था तथा स्मार्ट क्लास के विकास हेतु पांच लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की थी, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

समारोह में मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के सचिव जगदीश कलौनी ने मर्म चिकित्सा के माध्यम से सामान्य एवं असाध्य रोगों के उपचार की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल अपराध, दहेज उत्पीड़न, मोबाइल के दुरुपयोग तथा यौन अपराधों से बचाव और जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.के. सिंह ने किया। इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीपक बोरा, प्रधान प्रतिनिधि दुर्लेख दीपक बोरा, प्रधान लीमा कुंदन सिंह भाटिया, बलवंत सिंह बोरा, जगत सिंह भाटिया सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।