पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ के शहरी, ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विगत दिवस वाइब्रेंट विलेज क्वीतड़ में पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।

थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुप्रिया नेगी, उपनिरीक्षक महावीर सिंह समेत पुलिस कर्मी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।

ग्रामीणों द्वारा उठाए गए विभिन्न विषयों पर पुलिस ने गंभीरता से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्परिणाम, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त गश्त जनसंवाद कार्यक्रम के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस एवं एसएसबी की टीम ने भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त गश्त की।

गश्त के दौरान सीमा क्षेत्र की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी गई और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। साथ ही स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी साझा की गई।

पुलिस का कहना है कि सीमांत क्षेत्रों में जनसहभागिता और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

VANI NEWS