पिथौरागढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सोमवार दोपहर घाट-पनार मार्ग पर मसान बाबा मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक विशाल बोल्डर गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बोल्डर की चपेट में आने से ऑल्टो कार संख्या UK05TA2878 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, राहुल कुमार पुत्र शंकर, मनोहर लाल पुत्र जोगाराम और सुभाष राम पुत्र शिवराम शामिल हैं। सभी ग्राम टिम्टा, तहसील गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ के निवासी बताए गए हैं।
अचानक पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने के कारण ऑल्टो कार उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद दो लोग वाहन के भीतर फंस गए, जबकि दो यात्री छिटककर उफनती सरयू नदी के किनारे जा गिरे। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना रेस्क्यू अभियान में प्रशासन का सहयोग किया। होटल स्वामी पप्पू सामंत, श्याम सिंह सामंत, मदन सामंत और लाल सिंह सामंत ने नदी की ओर उतरकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
घटना की सूचना मिलते ही पिथौरागढ़ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में चिकित्सा टीमें मौके पर पहुंचीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया।
गंभीर घायलों में से एक को लोहाघाट रेफर किया गया, जबकि तीन अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक: संदीप कुमार (35), पुत्र भवानी राम। घायल: सुनील कुमार (23), राहुल कुमार, मनोहर लाल और सुभाष राम । मीडिया सूत्र


